गोरखपुर। शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) में एक युवक की लापरवाही से हिप्पो की जान खतरे में पड़ गई। आरोप है कि युवक ने जानबूझकर पानी से भरी प्लास्टिक की बोतल हिप्पो के बाड़े में फेंक दी, जिसे हिप्पो ने मुंह में पकड़कर चबाना शुरू कर दिया। कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते बोतल निकाल ली गई। मामले में आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, दो सितंबर की दोपहर महाराजगंज जिले के लवकननगर निवासी संजय यादव चिड़ियाघर घूमने आया था। इसी दौरान वह हिप्पो के बाड़े के पास पहुंचा और पानी से भरी प्लास्टिक की बोतल तालाब में फेंक दी। बोतल गिरते ही हिप्पो ने उसे मुंह में दबा लिया और चबाने लगा। कर्मचारियों ने यह देख तत्काल हस्तक्षेप किया और हिप्पो के मुंह से बोतल बाहर निकाल ली। घटना की सूचना मिलने पर वनरक्षक सुमित यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवक से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चिड़ियाघर प्रशासन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। चिड़ियाघर के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्लास्टिक जानवरों के लिए बेहद खतरनाक होता है। यदि कोई जानवर इसे निगल ले तो उसके पाचन तंत्र में रुकावट पैदा हो सकती है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्या या मौत तक हो सकती है।
घटना के बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है।