गोरखपुर। पैडलेगंज पंजाबी कॉलोनी के पास स्थित सरकारी जमीन पर कब्जा रोकने पर नगर निगम की प्रवर्तन दल से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है तीसरी आंख के शैलेंद्र मिश्रा ने यश मिश्रा और संतोष जायसवाल के साथ मिलकर वारदात की है। कैंट पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
नगर निगम के आरआई अनिल सिंह ने दी तहरीर में लिखा है कि पैडलेगंज के पास शत्रु संपत्ति है, जिसे बाद में सरकारी घोषित किया गया है। मामला न्यायालय में भी गया, लेकिन सरकारी संपत्ति को इससे बाहर रखा गया। वहां पर एक पुराना शौचालय है, जो वर्तमान में टूट गया है। उसी शौचालय की जमीन पर आरोपी कब्जा करना चाहते है। 24 अप्रैल की दोपहर एक बजे के करीब इसकी सूचना नगर निगम को मिली। स्थानीय लोगों ने विरोध करने के साथ ही नगर निगम को अवगत कराया था। नगर निगम की टीम ने तोड़े जा रहे शौचालय को रोकने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने लाठी से हमला कर सरकारी काम में बाधा डाली। प्रभारी निरीक्षक रणधीर मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।