पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया चौकी स्थित वाटर पार्क में सोमवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसके चलते वाटर पार्क में नहाने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट देखकर बच्चे हो या बड़े सभी अपने को असुरक्षित महसूस करने लगे। इस मामले में एक पक्ष के घायलों ने तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया।
थाना क्षेत्र के ही रामूघाट निवासी प्रदुम साहनी ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया है कि सोमवार को करीब 11 बजे अपने मित्र रमेश, देवानंद, योगेंद्र, सुनील और जितेंद्र के साथ वाटर पार्क में नहा रहे थे। आरोप है कि वहां कुछ अज्ञात युवक शराब पीकर नहा रहे थे, जिनसे कहा-सुनी हो गई। इसके बाद युवकों ने प्रदुम साहनी और उनके मित्रों पर हमला कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए।
आरोप है कि जब प्रदुम ने इस घटना के बारे में वाटर पार्क के संचालक को बताया तो वहां काम करने वाले बाउंसर और अन्य लोग उल्टे उन्हें और उसके मित्रों को मारते-पीटते गेट के बाहर कर दिए। पीड़ितों ने बताया कि सारी घटना वाटर पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस अगर जांच करे तो आरोपियों का पता चल जाएगा।