रामगढ़ताल के निकट महंत दिग्विजयनाथ पार्क में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से बनाए गए फूड जोन में फ्रंट की दुकानों को लेने के लिए दुकानदारों में मारामारी मची है। आगे की दुकानों को लेकर आवेदक प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। विवाद से बचने के लिए जीडीए ने लॉटरी के जरिए आवंटन करने का निर्णय लिया है। लॉटरी के बाद ही अब दुकानों को शिफ्ट किया जाएगा।
जीडीए ने नौकायन पर लगने वाले ठेलों को व्यवस्थित करने के लिए सभी को स्थान आवंटित किया था। इसके बाद अस्थाई कियोस्क बनाने का निर्णय लिया गया। इसे रामगढ़ताल के किनारे सड़क के डिवाइडर पर बनाया गया और एक लेन को वाहनों के आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।
दुकानें बनकर तैयार हो चुकी थीं, इसी बीच इससे गंदगी और यातायात की समस्या बताकर उसे पार्क के अंदर शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। पार्क में फूड जोन में दो लेन में अस्थाई कियोस्क का निर्माण कराया गया है।
फूड जोन में आवंटी दुकानदारों का सत्यापन कराने के बाद उनकी शिफ्टिंग की तैयारी चल रही थी।
इसमें फूड जोन में नौकायन की तरफ पड़ने वाले दोनों लेन की आगे पड़ने वाली दुकानों में शिफ्टिंग को लेकर दुकानदारों ने प्रतिस्पर्धा शुरू कर दी। जिन दुकानदारों ने पहले रजिस्ट्रेशन कराया था, वे रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दुकान की शिफ्टिंग चाहते हैं जबकि अन्य दुकानदार लॉटरी से आवंटन चाहते हैं।
आवंटन में निष्पक्षता बरतने और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने के लिए जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने लॉटरी से दुकान के आवंटन करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद सहायक अभियंता एके तायल ने लॉटरी से आवंटन की तैयारी शुरू कर दी है।
103 दुकानदारों ने कराया है रजिस्ट्रेशन
फूड जोन में अस्थाई कियोस्क की करीब 120 दुकानों का निर्माण कराया गया है। इसके लिए नौकायन एवं चंपा देवी पार्क के पास सड़क के किनारे ठेले पर दुकान लगाने वाले 103 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रथम चरण में इनको ही लॉटरी से दुकान आवंटित की जाएगी।
शेष दुकानों का आवंटन दूसरे चक्र में सत्यापन के बाद किया जाएगा। एक दुकान बनाने में करीब 1.70 लाख रुपये खर्च हुए हैं। जीडीए ने एक माह का किराया चार हजार रुपया प्रति दुकान निर्धारित किया है।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि फूड जोन में दुकानों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया है। पारदर्शिता के साथ लॉटरी कराने के बाद दो से तीन दिन में दुकानों को शिफ्ट करने का आदेश दिया गया है।