दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर दर्ज कराया केस, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पीपीगंज। इलाके के एक गांव में सोमवार की रात दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस दोनों पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर ली है। एक पक्ष से महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पड़ोस में गए पति को बुलाने जा रही थी और इस दौरान मनबढ़ युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर घर पर चढ़कर आरोपियों ने पति व देवर को मारपीट कर घायल कर दिया।
महिला ने तहरीर में लिखा है कि पति घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पार्टी में शामिल होने के लिए गए थे। रात में देरी होने पर महिला उसे बुलाने के लिए घर से निकली थी। रात 9:30 बजे के करीब बीच रास्ते में जन्मदिन मनाते हुए कुछ मनबढ़ युवकों ने उनका हाथ पकड़ लिया और नचाने लगे, जिस पर उन्होंने विरोध करते हुए आपत्ति जताई। आरोप है कि मनबढ़ युवकों ने उनसे बहस किया। शोर सुनकर पड़ोस में गया पति बाहर आ गए। पति ने विरोध जताते हुए किसी तरीके से बीच-बचाव कर घर आ गए। आक्रोशित मनबढ़ युवकों ने महिला के घर जाकर उनके देवर व पति को लाठी व डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए।
पीपीगंज पुलिस ने प्रवीण, विकास, आकाश, अनिल, सुनील, मनोज व अखिलेश के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, साखी के निवासी प्रवीण कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार कि रात अपने रिश्तेदार के यहां जन्मदिन पार्टी में गया था, जहां गांव के चार लोगों ने गालियां दीं। घर पर शिकायत लेकर जाने पर मारपीट की गई।