गगहा इलाके की घटना, कॉलेज में बेटे को पीट रहे छात्रों ने पिता पर भी किया हमला
परिजनों की तहरीर पर गगहा थाने में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गगहा (गोरखपुर)। कॉलेज में मारपीट के दौरान बेटे को बचाने आए बृजेश गुप्ता (35) को मनबढ़ छात्रों ने पीट दिया। गंभीर रूप से चोट लगने की वजह से उनकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए तीन छात्रों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पशपुरवा निवासी बृजेश गुप्ता का बेटा नितिन, रघुराज सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। बीते शनिवार को वह काॅलेज में पढ़ने गया था। इस दौरान कॉलेज के तीन छात्रों ने किसी बात को लेकर नितिन को पीट दिया। शाम को भी वहीं तीनों छात्र अपने अन्य दोस्तों के साथ जूनियर हाईस्कूल परिसर में पहुंचे और नितिन व उसके साथी शुभम को बुलाकर उनकी पिटाई शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने पर नितिन के पिता बृजेश मौके पर पहुंचे। वह बीचबचाव करने लगे। आरोप है कि मनबढ़ छात्रों ने बृजेश को परिसर में स्थित एक खंडहर हो चुके स्कूल के कमरे में ले जाकर पीटा। बृजेश गिर पड़े। परिजन, बृजेश को गगहा सीएचसी और उसके बाद जिला अस्पताल ले गए, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें देर रात मृत घोषित कर दिया।
गगहा चौराहे पर पुलिस चौकी खोलने की उठी मांग
बताया जा रहा है कि गगहा चौराहे पर 2013 से अब तक हत्या की सात घटनाएं हो चुकी हैं। गगहा के व्यापारी, गगहा चौराहे पर स्थायी पुलिस चौकी की मांग अरसे से कर रहे हैं। वर्ष 2013 में तिहरे हत्याकांड के बाद काफी दिनों तक पुलिस की पिकेट लगती थी। धीरे-धीरे वह भी समाप्त हो गई। एक बार फिर लोगों ने गगहा चौराहे पर स्थायी पुलिस चौकी की मांग की है, ताकि अपराध पर लगाम लगने के साथ ही व्यापारियों को सुरक्षा का अहसास हो।