पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के हनुमंत नगर निवासी एक शख्स को मोहनापुर में जमीन दिखाकर पिता-पुत्र ने 23.50 लाख रुपये हड़प लिए। रविवार को शाहपुर पुलिस राजघाट इलाके के रायगंज रोड स्थित बनकटी चौक निवासी आलोक गुप्ता और राजकुमार गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, हनुमंतनगर निवासी हरिशंकर उपाध्याय ने एसएसपी को दिए पत्र में लिखा है कि आलोक गुप्ता मेरे पास आए और कहे कि जंगल हकीम नंबर 2 के चौहान टोला में मेरी 2220 वर्गफीट जमीन है। जिसे मेरे पिता बेचना चाहते हैं। जमीन देखने के बाद हरिशंकर 1110 वर्गफीट जमीन 27.75 लाख रुपये में लेने को तैयार हो गए।
आरोप है कि दो लाख रुपये एडवांस लेने के बाद पिता-पुत्र ने 23.50 लाख रुपये अपने-अपने खाते में जमा करा लिए। मई में जमीन रजिस्ट्री करने को कहा तो पिता-पुत्र ने कहा जमीन पर लोन था, किस्त जमा कर दिए हैं। एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मिलने के बाद जमीन रजिस्ट्री कर देंगे। पीड़ित जब 25 जून को जमीन पर गए तो देखा कि मजदूर काम कर रहे हैं। उनसे पूछने पर बताया कि सत्यम रियल एस्टेट कारोबारी ने यह जमीन 28 अप्रैल को रजिस्ट्री करा ली है।
आरोपी से पूछने पर बताया कि जमीन बिक गई है, आपको दूसरी जगह जमीन दे देंगे। पीड़ित ने रुपये वापस करने के लिए कहा तो आरोपी ने 15 दिन बाद दो चेक दिया जो बाउंस हो गया। फिर आरोपी के घर जाने पर पिता-पुत्र ने गाली और धमकी देने लगे। थाने पर शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसएसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है।