मंडलीय धान खरीद योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान कमिश्नर ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत किसानों से धान क्रय सुनिश्चित कराने के लिए शासन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कमिश्नर अनिल ढींगरा ने बताया कि किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों का भुगतान ससमय करना सुनिश्चित करें। इसमें शिथिलता/लापरवाही पाए जाने पर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
ये निर्देश कमिश्नर ने कैम्प कार्यालय में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के अंतर्गत मंडलीय धान खरीद योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मंडल में 628 केंद्रों द्वारा 735000 मीट्रिक टन धान खरीद लक्ष्य के सापेक्ष 470830.72 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। किसानों को 96849.30 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। अवशेष का भुगतान यथाशीघ्र किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित कृषकों की संख्या 85557 है। इसपर कमिश्नर ने निर्देश दिए कि धान खरीद लक्ष्य को शत प्रतिशत करने के साथ-साथ किसानों का भुगतान भी समय से किया जाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर सीईओ गीडा/संभागीय खाद्य नियंत्रक अनुज मलिक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।