जिले में 2200 हेक्टेयर खेत में हो रही खेती
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। केले की खेती कर किसान अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं। इसके लिए सरकार अनुदान दे रही है। जनपद में वर्तमान में 2200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में केले की खेती हो रही है। फसल 12 से 13 महीने में तैयार हो जाती है। एक हेक्टेयर खेत में 1.10 लाख की लागत आती है। कुल खर्च निकालने के बाद लगभग तीन लाख की बचत होती है।
उद्यान विभाग के इंस्पेक्टर शशि मुरारी पांडेय का कहना है कि केले की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ से हर साल लक्ष्य दिया जाता है। उद्यान विभाग किसानों को तकनीकी जानकारी मुहैया कराता है। पहले किसान केले के पौध को नामित फर्म से लाते थे।
बताया कि अनुदान की धनराशि डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजी जाती है। अब किसानों को जी 9 का पौधा उपलब्ध कराया जा रहा है। यह प्रजाति इस क्षेत्र के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। किसानों को जो अनुदान दिया जाना है उसका केले का पौधा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों को केले की खेती करनी है उन्हें उद्यान विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। सरकार की तरफ से एक हेक्टेयर में 30,738 रुपये का अनुदान दिया जाता है। पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर सुविधा दी जा रही है।