अंग्रेजों के जमाने में किसानों के आंदोलन से चर्चित हुआ चौरीचौरा इलाका आज शोहदों की लफंगई से बदनाम हो रहा है। इसी क्षेत्र के एक गांव में बीती पांच जुलाई की सुबह आठ बजे तीन शोहदों ने 14 वर्षीय किशोरी को अकेला पाकर छेड़खानी की। किशोरी को बचाने को उसकी बुआ दौड़ीं तो शोहदों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। उनकी साड़ी खींचकर अश्लील हरकतें कीं।
दबंग लफंगों के खौफ और लोकलाज के डर से महिला ने पहले तो शिकायत नहीं की, लेकिन रविवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस, तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। ऐसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं। बुधवार को घर में घुसकर दबंगों के छेड़खानी करने का भी केस दर्ज किया गया है।
तीनों आरोपियों में से एक, महिला के ही गांव का रहने वाला है, जबकि दो उसके रिश्तेदार हैं। महिला ने तहरीर में लिखा है कि भतीजी उनके घर आई थी। पांच जुलाई की सुबह वह मड़ई के पास खड़ी थी। इसी बीच पड़ोस का एक युवक, भतीजी से अश्लील हरकत करते हुए छेड़खानी करने लगा। भतीजी के शोर मचाने पर युवक के दो रिश्तेदार भी आ गए। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंचीं।