गोरखपुर महोत्सव के दौरान भोजपुरी गायक व अभिनेता पवन सिंह के कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब केक काटने के दौरान दर्शकों की भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। उत्साह में आए दर्शकों ने शोर मचाते हुए कुर्सियां उछालनी शुरू कर दीं, जिससे ग्राउंड में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। थोड़ी देर में ही स्थिति को काबू कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान जैसे ही पवन सिंह मंच पर केक काटने के लिए आगे बढ़े और सांसद रविकिशन ने गाना शुरू किया, दर्शकों की भीड़ आगे की ओर धक्का देने लगी।
इस दौरान कई लोग सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए मंच के करीब पहुंचने का प्रयास करने लगे। भीड़ के दबाव में कुछ कुर्सियां उखड़ गईं, जिन्हें उछाल दिया गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी ग्राउंड में दाखिल हुए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उन्हें लाठियां चलानी पड़ीं।