गोरखपुर। ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय में आपातकालीन मरीजों की जांच समय पर हो, इसके लिए उपकरणों का रखरखाव दुरुस्त किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने शनिवार को अस्पताल का निरीक्षण कर अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने नए आपातकालीन चिकित्सा विभाग में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे समेत अन्य चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था देखी। साथ ही मरीजों को मिल रही सुविधाओं, दवा वितरण काउंटर और अस्पताल की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी से काम करें, ताकि किसी मरीज को असुविधा न हो। अपर महाप्रबंधक ने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने और मरीजों की जरूरतों का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. सुषमा भास्कर माटे, वरिष्ठ चिकित्सक और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।