गोरखपुर। बिजली निगम के वितरण और सतर्कता की संयुक्त टीम ने शहर के मोतीपोखरा और रामजानकीनगर में भोर में छापा मारा। पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने 10 लोगों को कटिया कनेक्शन से बिजली इस्तेमाल करते हुए पकड़ा, जिसमें एक घर में एसी भी चलाया जा रहा था। जब लोग नींद में थे तो टीम के सदस्यों ने दरवाजा खटखटाया। पकड़े गए दस लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज कराया गया है। उत्तरी जटेपुर, शाहपुर व बशारतपुर में बिजली चोरी पकड़ी गई।
भीषण गर्मी में ओवरलोड हुए फीडरों में फाल्ट की समस्या बढ़ गई थी, जबकि मोतीपोखरा और रामजानकी नगर फीडर पर लाइन लाॅस भी था। बिजली कर्मियों ने एक दिन पहले रेकी करके कटिया कनेक्शन चिह्नित किया था। यही कारण रहा कि टीम ने डेढ़ घंटे की छापे की कार्रवाई में दस लोगों को पकड़ लिया। छापा मारने वाली टीम में एसडीओ भानु प्रताप, जेई दिनेश जायसवाल, विजिलेंस एवं पुलिस कर्मी मौजूद थे।
पहले ही ले लिया था साक्ष्य
मोतीपोखरा और रामजानकीनगर में फीडर से निकली बिजली और मीटरों में हुई खपत में अंतर आ रहा था। इस लाइन लाॅस को पकड़ने के लिए पहले ही कटिया कनेक्शन के स्थान को चिह्नित कर लिया गया था और फोटो भी खींच लिया गया था। मोतीपोखरा में 15 और रामजानकीनगर में दस एंपीयर बिजली चोरी हो रही थी।
दो फीडरों पर लाइन लॉस का पता चला तो बिजली चोरी करने वालों को पकड़ने की योजना बनाई गई। भोर में ही टीम पहुंच गई, इसलिए चिह्नित स्थानों पर छापा मारकर कटिया कनेक्शन करने वालों को पकड़ने में कामयाबी मिली।
-अविनाश गौतम, अधिशासी अभियंता