गोरखपुर। बिजली निगम नार्मल क्षेत्र में उपभोक्ता के कनेक्शन लगने के दसवें दिन ही 4200 रुपये का बिजली बिल भेज दिया गया। उपभोक्ता अमरनाथ शुक्ला ने बताया कि कनेक्शन के लिए आवेदन किया तो उन्हें दो महीने से अधिक का समय लग गया। लेकिन, कनेक्शन होने और मीटर लगने के 10 दिन के भीतर की बिजली बिल आ गया। मीटर रीडर से पूछो को बताया कि लाइनमैन से कहा था, जाकर बिल बना लें।
नार्मल बिजली उपकेंद्र के अमरनाथ शुक्ला ने राप्ती पुल के पास होटल माधव इंटरनेशनल खोला है। यहां बिजली कनेक्शन के लिए उन्होंने टाउनहाल पर आवेदन किया था। काफी प्रयास के बाद 10 नवंबर को कनेक्शन स्वीकृत होने के साथ ही परिसर में मीटर लगा। इसके ठीक 10 दिन बाद उपभोक्ता का 4200 रुपये का बिजली बिल आ गया। अधिशासी अभियंता टाउनहाल नवनीत प्रजापति ने बताया कि तीन फेज का कनेक्शन था तो उसी क्रम में मीटर रीडर ने बिल निकाल दिया होगा। फिर भी अगर शिकायत है तो त्योहार के बाद आकर संपर्क करें, दिखवाया जाएगा।
- बिजली निगम का कंट्रोल रूम बनेगा
इंडस्ट्रियल इस्टेट उपकेंद्र में बिजली निगम कंट्रोल रूम बनाएगा। रविवार को मुख्य अभियंता आशु कालिया और अधीक्षण अभियंता शहर लोकेंद्र बहादुर सिंह ने उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपकेंद्र तक बनने वाली 33 हजार वोल्ट की नई लाइन देखी। उपकेंद्र में पांच एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इसके बाद उपकेंद्र की क्षमता 30 एमवीए हो जाएगी।