- शहर के कई इलाकों में बिजली की आंखमिचौली से परेशान रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बारिश से खुशनुमा हुए मौसम के बीच बिजली के फाल्ट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। शहर में कई जगहों पर बिजली के तार पर पेड़ की डालियां गिरने से बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। नार्मल तिराहा, विजय चौक, सिविल लाइंस, मोहद्दीपुर, पादरी बाजार, बक्शीपुर, सूरजकुंड समेत अन्य इलाकों में बिजली की आंखमिचौली से लोग परेशान हो गए। सुबह 6 बजे से शुरू हुई बिजली की खराबी शाम 7 बजे तक ठीक हो पाई।
बिछिया इलाके में सुबह करीब पांच बजे ही दो जगहों पर पेड़ की डाली टूटकर बिजली के तार पर गिर गया, जिससे बिजली का तार टूट गया। वहीं, मोहद्दीपुर उपकेंद्र से जुड़े इलाके में बिजली के तार टूटने से एयरपोर्ट, नंदानगर, रेल बिहार, आनंद बिहार, दरगहिया, बिछिया इलाके में बिजली की आपूर्ति सुबह से लेकर शाम तक प्रभावित रही। वहीं, बक्शीपुर उपकेंद्र से जुडे सूरजकुंड, अधियारीबारी, काशीपुर में बिजली के तार टूटने से आपूर्ति बाधित रही। रुस्तमपुर उपकेंद्र से जुडे तारामंडल इलाके में बिजली का पोल गिर गया। इसके अलावा फाल्ट के चलते राप्तीनगर उपकेंद्र से जुडे कई फीडर बंद रहे। सुबह से ही बिजली उपकेंद्र और अधिकारियाें के पास फोन आते रहे।
0- सिविल लाइंस इलाके में घंटों गुल रही बिजली
सिविल लाइंस स्थित एक मॉल के सामने पेड़ की डाली टूटकर बिजली के तार पर गिर गई। इससे सिविल लाइंस, पुलिस लाइन समेत आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति गुल हो गई। दोपहर 12 बजे तक वन विभाग के कर्मचारियों ने टूटी डालियों को हटाया। इस दौरान लगभग एक हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति गुल रही।
कोट
बारिश से कई जगह पेड़ की डालियां टूटकर बिजली के तार पर गिर गई थी। इससे घंटों बिजली आपूर्ति गुल रही। सूचना पर अभियंता और लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर फाल्ट को ठीक किया।
यूसी वर्मा, अधीक्षण अभियंता शहरी