गगहा इलाके का मामला, किसानों ने दी तहरीर, केस दर्ज नहीं कर रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गगहा। गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर, गंभीरपुर, बासूडीहा, सीसायल समेत लगभग 15 गांवों के किसानों का लगभग 25 लाख का गेहूं खरीदकर एक व्यापारी बिना पैसा दिए खेत व मकान बेचकर फरार हो गया। किसानों का कहना है कि व्यापारी ने विभिन्न गांव के किसानों से लगभग 1000 क्विंटल गेहूं का उठान किया और फिर बिना पैसा दिए मकान बेचकर भाग निकला। डेढ़ महीने में पांडेयपार के व्यवसायी के खिलाफ गगहा थाने में एक दर्जन किसानों ने तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है, लेकिन एफआईआर नहीं लिख रही है।
बांसपार निवासी किसान शक्ति सामंत सिंह, बासूडीहा के विजय प्रताप सिंह, हरि शंकर सिंह, सीसायल के अकरम आदि किसानों ने बताया की अप्रैल में पांडेयपार निवासी व्यवसायी ने विभिन्न गांव के किसानों से अलग-अलग लगभग 1000 क्विंटल गेहूं का उठान किया। सभी को एक महीने के भीतर पैसा देने का वादा किया था, लेकिन एक महीने बाद जब सभी किसान उसके घर पहुंचे तो पता चला कि व्यापारी अपना खेत और मकान बेचकर भाग गया है।
जून में सभी किसानों ने गगहा थाने पर तहरीर देकर शिकायत की। किसानों का कहना है कि पुलिस हर बार जांच का आश्वासन देकर लौटा दे रही है। इस संबंध में एसपी साउथ जितेंद्र तोमर का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं थी। जांच करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।