रोड लेवलर से कुचलकर बुजुर्ग की मौत
बेलीपार इलाके में हुई घटना, आरोपी चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र के बरईपार मोड़ के सामने सर्विस रोड पर सड़क पार करते समय एनएचएआई के रोड लेवलर से कुचलकर बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ने लेवलर लेकर मौके से भागने की कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने दो किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सुपुर्द कर दिया। सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, बेलीपार थाना क्षेत्र के बरईपार निवासी 75 वर्षीय केशवधर दुबे शनिवार दोपहर में बगल के गांव चंदौली जाने के लिए रोड पार कर रहे थे। उसी दौरान गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन से लगे डंवरपार बाजार के सर्विस रोड पर कार्य कर रहे रोड लेवलर के ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक तेज गति से गाड़ी बैक कर दिया। इससे बुजुर्ग लेवलर के नीचे आ गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक, लेवलर को लेकर भागने लगा। इस दौरान ग्रामीण एकत्र हो गए थे और वे भाग रहे चालक का पीछा करने लगे। करीब दो किलोमीटर के बाद चालक को लेवलर के साथ पकड़ लिया। केशवधर दुबे के तीन पुत्र हैं।