कहासुनी के बाद मजदूर की कर दी गई थी पिटाई, अस्पताल में हुई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के ग्राम हरैया स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूर की हत्या के आरोप में आठ लोगों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मृत मजदूर के भाई शोहरत अली की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और जानमाल की धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एक नामजद आरोपी सुभाष की तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
शोहरत अली ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि वह अपने साथियों के साथ ग्राम हरैया में ईंट-भट्ठे पर काम करता है। बुधवार शाम छह बजे वह अपने भाई बरकत अली (28) पुत्र रईस अली के साथ ईंट-भट्ठे पर कच्ची ईंटों को लाइन में रख रहा था। वहां पर आगरा जिले के बरेन थाना के नगला विरी का अरुण, बुग्गी चलाता है। उसी समय वह बुग्गी लेकर आया। ईंटों को उतारने की बात को लेकर अरुण और बरकत में कहासुनी हो गई। अन्य मजदूरों ने बीच बचाव करके मामला शांत कराया।
आरोप है कि अरुण वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने साथियों सुभाष पुत्र करनी, विकास पुत्र श्यामवीर, नौमी पुत्र शौदान, रिंकू पुत्र राजबीर, मुकेश पुत्र महेंद्र, राहुल पुत्र राकेश, किशोर पुत्र विजय सिंह, आकाश पुत्र बाबी के साथ पहुंचा। उसने ईंट और लकड़ी के डंडे से बरकत पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बरकत की मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर भाग गए। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके पुलिस ने आठ आरोपियों को पकड़ लिया। अन्य की तलाश में जुटी है।