बारिश का असर : खराब हो गए 30 टन प्याज
गोरखपुर में सोमवार देर रात अचानक हुई बारिश का सबसे ज्यादा असर महेवा मंडी में प्याज पर पड़ा है। मंडी में बारिश से भीगकर लगभग 30 टन प्याज खराब हो गए हैं। सड़े प्याज मंडी के सड़कों पर फेंके नजर आ रहे हैं। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
किसी भी व्यापारी को अंदाजा नहीं था कि अचानक से आंधी और बारिश आ जाएगी। कुछ व्यापारियों के प्याज गाड़ी पर ही खुले आसमान के नीचे पड़े हुए थे। अचानक आई बारिश से प्याज भीग गए। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
थोक प्याज व्यापारी शम्स अहमद राइन ने बताया कि बारिश में भीगने के बाद जब व्यापारियों ने प्याज की छंटाईं करनी शुरू की तो हर बोरे में चार से पांच किलो प्याज खराब निकलने लगे। इससे व्यापारियों को प्याज फेंकने पड़े। भींगे हुए प्याज की छटाई का सिलसिला अभी चल रहा है।
बताया कि लगभग 30 टन प्याज मंडी में बारिश के कारण खराब हुए हैं। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। हरी सब्जी के थोक व्यापारी अवध कुमार गुप्ता ने बताया कि मंडी में हरी सब्जियों पर बारिश का कोई असर नहीं पड़ा है। हालांकि बारिश के बाद नेनुआ, लौकी, कद्दू, करेले की आवक बढ़ गई है।