-डायट में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। घटनाओं, संदर्भों और परिस्थितियों से सीखने-सिखाने की प्रक्रिया को जोड़ना आवश्यक है। इससे बच्चों के साथ आत्मीयता बढ़ेगी और सीखना भी आसान होगा। हमें बच्चों में उत्पन्न हो रहे तनाव को दूर करने के तरीकों पर काम करना होगा।
यह बातें जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. अमरकांत सिंह ने कही। वह शुक्रवार को डायट स्थित सभागार में राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों के तीन दिवसीय अंग्रेजी विषय के प्रशिक्षण के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्राचार्य व उप शिक्षा निदेशक अभिषेक कुमार पांडेय ने प्रशिक्षण के संचालन की प्रक्रिया और सक्रियता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने पर जोर दिया। वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि कोई तरीका पूर्णता में नहीं है, जिससे बच्चों को पूरी तरह से सिखाया जा सके। प्रशिक्षण में 85 प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रशिक्षण के नोडल जय प्रकाश ओझा, अमृत, तृप्ति वर्मा, मनोरमा रानी, संजय कुमार, अनु पटेल, रजनीश कुमार गुप्ता, कालिंदी, प्रीति यादव, सुदर्शन चौबे, शाहनवाज मौजूद रहे।