गोरखपुर। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रदेश भर में पांच साल में 30 हजार सूर्य मित्र तैयार किए जाएंगे। इसके लिए नेडा की तरफ से संचालित ट्रेनिंग सेंटर या प्रदेश के सरकारी आईटीआई कॉलेजों में 45 दिन तथा 300 घंटे की ट्रेनिंग होगी। आवेदन के लिए आईटीआई या इलेक्ट्रानिक में डिप्लोमा की डिग्री अनिवार्य है।
केंद्र सरकार से लेकर प्रदेश सरकार लगातार सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में लगातार सोलर से जुड़ी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। देश की कई प्रमुख कंपनियां सोलर से जुड़े उद्योग लगा रही है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सूर्य मित्र तैयार किए जाने की योजना बनाई गई है। नेडा के परियोजना प्रबंधक वीके मल्ल ने बताया कि जो लोग सूर्य मित्रों को सोलर के क्षेत्र में कार्य करने वाली कंपनियों में रोजगार मिल सकेगा। इसके अलावा वे स्वरोजगार कर सकते हैं।
कैसे करें आवेदन, कहां होगी ट्रेनिंग
आईटीआई या डिप्लोमा डिग्रीधारक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश में तीन स्थानों, लखनऊ के चिनहट में, कन्नौज, और मऊ जिले के घोसी में नेडा का ट्रेनिंग सेंटर हैं। इसके अलावा सरकारी आईटीआई में भी आवेदन कर सकते हैं। 45 दिन तक होने वाली ट्रेनिंग का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। 72 प्रतिशत से कम अटेंडेंस होने पर सर्टिफिकेट नहीं दिया जाएगा। ट्रेनिंग के बाद परीक्षा भी पास करनी होगी।