गोरखपुर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2024 की 10वीं व 12वीं के परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से पूर्व बोर्ड ने सभी स्कूलों का स्थलीय निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं। इसके लिए राजकीय व एडेड स्कूलों के 46 प्रधानाचार्यों को नामित करते हुए जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुल 23 समितियां गठित की गईं हैं। प्रत्येक समिति में दो-दो प्रधानाचार्यों को रखा गया है। समिति में शामिल प्रधानाचार्य जांच रिपोर्ट पांच अगस्त तक डीआइओएस कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। जिसके बाद संबंधित पटल सहायक विद्यालयों के भौतिक संसाधनों की सूचना को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। डीआइओएस डाॅ.अमरकांत सिंह ने बताया कि जिले के 46 प्रधानाचार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ स्कूलों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हीं की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। संवाद