इस अवसर पर उन्होंने निजी क्षेत्र की 800 करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। 500 करोड़ रुपये के निवेश के लिए भूमि आवंटन, प्लास्टिक उद्योगों को कच्चे माल की आपूर्ति के लिए गेल से समझौता और तकनीकी दक्षता के लिए नाइलिट के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर, कालेसर जीरो प्वाइंट पर विकसित होने वाले नए व्यावसायिक व आवासीय क्षेत्र का शिलान्यास किया। गीडा के सेवा पोर्टल को लांच करने के साथ ही तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का केंद्र है गोरखपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बिहार और नेपाल की तराई में बसी करीब पांच करोड़ की आबादी के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार का केंद्र है। अब गोरखपुर से लखनऊ, वाराणसी और नेपाल तक फोर-सिक्स लेन रोड कनेक्टिविटी है। बड़े शहरों के लिए यहां से 14 फ्लाइट की सुविधा है। बेहतरीन रेल कनेक्टिविटी में वंदे भारत एक्सप्रेस भी योगदान दे रही है। सुरक्षित माहौल और आवागमन आसान होने से निवेश में वृद्धि होती है।