जनवरी में प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। प्रयागराज में पूर्वाेत्तर रेलवे के दोनों स्टेशन रामबाग और झूंसी से वाराणसी, छपरा और गोरखपुर रूट की ट्रेनों के चलाने की योजना है। वहीं प्रयागराज के लिए गोरखपुर के अलावा बस्ती, भटनी, छपरा और वाराणसी से ट्रेनें चलाई जाएंगी।
महाकुंभ में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे की तरफ से 153 ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है। रेल मंत्री ने रविवार को प्रयागराज में महाकुंभ को लेकर हुई तैयारियों की समीक्षा की थी। पूर्वोत्तर रेलवे की जीएम सौम्या माथुर ने रेल मंत्री को बताया कि झूंसी और रामबाग स्टेशन पर होल्डिंग एरिया समेत सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
अतिरिक्त काउंटर खोलने और एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेडिंग मशीन) लगाए जाएंगे। पूर्वाेत्तर की ट्रेनों को यहीं से चलाया जाएगा। वहीं, प्रयागराज जाने वालों की भीड़ एक स्टेशन पर न हो इसके लिए गोरखपुर के अलावा बस्ती, भटनी, छपरा आदि स्टेशनों से भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
वाराणसी से प्रयागराज के बीच अतिरिक्त लोकल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे कि भीड़ नियंत्रित की जा सके। इसके लिए स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल भी तैयार किया जा रहा है।
दोहरीकरण कार्य में आई तेजी
गोरखपुर से प्रयागराज के बीच दोहरीकरण का कार्य अलग-अलग खंड में चल रहा है। इसमें प्रयागराज से वाराणसी के बीच काम लगभग पूरा हो चुका है। बनारस-माधोसिंह-प्रयागराज दोहरीकरण परियोजना के अन्तर्गत गंगा नदी पर रेल पुल सहित झूसी-प्रयागराज रामबाग रेल खंड के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।
मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त 11 दिसंबर को इस नव दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत रेल खंड का निरीक्षण करेंगे। इस खंड पर स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। रेल मंत्री ने तैयारियों की सराहना की है।