गोरखपुर। पुलिस ने पिकअप से जानवर चोरी करने पर कार्रवाई शुरू की तो अब स्कार्पियो से भैंस चोरी की घटनाएं सामने आने लगी हैं। चौरीचौरा इलाके में पिछले तीन दिनों के अंदर दो छोटी भैंसों की चोरी स्कार्पियो सवार कर चुके हैं।
एक मामले में पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार की रात में चोरी के बाद बाइक से स्कार्पियो का पीछा किया गया। इस दौरान रास्ते में डाॅयल 112 नंबर की गाड़ी मिली। उनसे शिकायत की गई पर वे लोग नहीं गए। इसके बाद ग्रामीण कुछ दूर गए। सुनसान जगह देखकर स्कार्पियो सवारों ने गाड़ी रोककर असलहा लहराया तो ग्रामीण भाग गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पहली घटना देवीपुर में शनिवार की भोर में साढ़े तीन बजे के करीब सामने आई। स्कार्पियो गाड़ी से आए चोर भैंस को लादकर भाग निकले।
देवीपुर निवासी राजपति पासवान ने बताया कि शनिवार की भोर में एक स्कार्पियो हमारे दरवाजे पर रुकी और उसमें सवार लोगों ने मेरी भैंस लाद ली। इतना ही नहीं जाते-जाते हमारे बगल के वेद प्रकाश शर्मा की बकरी भी लाद ले गए। राजपति की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है।
दूसरी घटना रविवार की रात में दो बजे हुई। देवीपुर गांव के ही रामदुलारे निषाद के दरवाजे से स्कार्पियो सवार भैंस चोरी कर भाग निकले। खटपट की आवाज होने पर कुछ ग्रामीणों की नींद खुल गई। कारण यह कि एक दिन पहले ही इस तरह की घटना हुई थी। इसके बाद गांव के दो लोग बाइक से स्कार्पियो सवारों का पीछा करने लगे। बाइक सवारों ने स्कार्पियो को ओवरटेक कर पेट्रोल पंप के पास रोका और पुलिस से मदद मांगी, लेकिन पुलिस वाले नहीं आए। स्कॉर्पियो सवार गाली देते हुए आगे बढ़ गए। फिर पीछा किए तो असलहा लहराते हुए भाग निकले।