अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दिवाली और छठ पूजा के बाद काम पर लौटने वालों की भीड़ अभी पूरी तरह से समाप्त भी नहीं हुई कि पंजाब में किसान आंदोलन के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने लगा। सबसे अधिक असर अमृतसर जाने और वहां से चलने वाली ट्रेनों पर पड़ रहा है। शुक्रवार को दो ट्रेनें निरस्त रहीं, तो एक को दूसरी जगह से चलाया गया। शनिवार को भी यही स्थिति रहेगी।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अमृतसर से चलने वाली 15708 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त रही। यह ट्रेन शनिवार को भी नहीं चलाई जाएगी। अमृतसर से चलने वाली 14618 अमृतसर-बनमंखी एक्सप्रेस भी शुक्रवार को निरस्त रही। जम्मूतवी से चलने वाली ट्रेन नंबर 15654 जम्मूतवी-कटिहार एक्सप्रेस अंबाला से चलाई गई। वहीं शनिवार को अमृतसर से चलने वाली ट्रेन नंबर 15212 अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया है।
अमृतसर से चलने वाली 15708 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस को शनिवार को अंबाला स्टेशन से चलाया जाएगा। अमृतसर से प्रस्थान करने वाली 12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस शनिवार को नई दिल्ली से चलाई जाएगी।