पादरी बाजार। शाहपुर क्षेत्र के फातिमा बाईपास पर रविवार रात कार और मैजिक में टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार युवक ने पहले मैजिक चालक से मारपीट की। सूचना पर पहुंचे कंपनी के मैनेजर को भी 8-10 लोगों ने घेरकर लाठी-डंडे से पीट दिया। हमले में मैनेजर का सिर फट गया। चिलुआताल क्षेत्र के राप्तीनगर फेज-4 निवासी शकील खां ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनकी स्टार ट्रेडिंग कंपनी नेस्ले और पेप्सिको की डिस्ट्रीब्यूटर है। रविवार रात कंपनी की मैजिक से चालक सामान की सप्लाई कर फातिमा बाईपास से लौट रहा था। फातिमा अस्पताल के आगे एक कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे मैजिक पीछे से कार में टकरा गई। आरोप है कि इसके बाद कार चालक ने मैजिक चालक से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। चालक की सूचना पर मैनेजर अवधेश गुप्ता मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद कार और बाइक से 8-10 लोग पहुंचे और अवधेश के साथ मारपीट करने लगे। थाना प्रभारी अंजय सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।