महराजगंज। सिंचाई विभाग की ओर से 12 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बजट मिलने के बाद से ड्रेन और नालों की सफाई कराई जाएगी। इससे उनकी परवाह क्षमता में बढ़ोतरी के साथ ही ओवरफ्लो होने की समस्या भी दूर हो जाएगी।
हर साल नालों को ओवरफ्लो होने से सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो जाती है। यह व्यवस्था बेहतर हो गई तो फसल बर्बाद होने से बच जाएगी।
जानकारी के अनुसार, वर्तमान में ड्रेन और नाले कचरे भरे हैं। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सर्वे कराया गया है। वर्तमान में अधिकांश नाले और ड्रेनेज सिस्टम वर्षों से साफ नहीं किए गए हैं, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। इसको ध्यान में रखते हुए सिंचाई विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
सदर ब्लॉक के धनेवा धनेई, कटहरा, टेमर, रुधौली, पनियरा में अमहवा नाला, पनियरा ड्रेन, पनियरा नाला, परतावल में इमलिया, बैरिया, परसा, घुघुली में परसौनी, मिठौरा ब्लॉक में नारायनपुर, सिंदुरिया क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से सर्वे किया गया है।
जिले के ड्रेनेज व नालों की जल्द ही सफाई कराई जाएगी। इसके लिए करीब 12 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाकर स्वीकृति के लिए शासन को पत्रावली भेजा गया है। धन अवमुक्त होते ही नालों और ड्रेनेज की सफाई शुरू कराई जाएगी।
-संजय प्रताप मल्ल, सहायक अभियंता, सिंचाई खंड दो