- खोराबार में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के बीच ग्रहण किया पदभार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। डॉ. मैथ्यू नेल्लिकुन्नेल कैथोलिक धर्मप्रांत गोरखपुर के नए धर्माध्यक्ष बनाए गए हैं। रविवार को सेंट जोसफ खोराबार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पदभार ग्रहण किया। चार चरणों में पांच घंटे तक चलने वाले समारोह का प्रारंभ धार्मिक जुलूस से शुरू हुआ, जिसमें नए बिशप के साथ कई महाधर्माध्यक्ष, धर्माध्यक्ष, पुरोहित और मसीही विश्वासी पूजा स्थल की ओर बढ़े।
धर्माध्यक्ष थॉमस थुरुत्तिमट्टम ने गणमान्य व्यक्तियों, अतिथियों और समारोह में भाग लेने वाले विश्वासियों का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. मैथ्यू नेल्लिकुन्नेल का नियुक्ति का पत्र सिरोमालाबार चर्च के चांसलर, फादर अब्राहम कविलपुरयिडम ने पढ़ा। और हिंदी में नियुक्ति-पत्र फादर रोजर अगस्टीन, गोरखपुर धर्मप्रांत के चांसलर द्वारा पढ़ा गया। सीरो-मालाबार चर्च के मेजर आर्चबिशप, महामहिम जॉर्ज कार्डिनल आलनचेरी ने नए बिशप और गोरखपुर धर्मप्रांत को आशीर्वाद देते हुए सभी उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
अभिषेक समारोह पवित्र बाइबल के पाठ, पवित्र भजनों के जप और विश्वासियों की प्रार्थना से गूंज रहा था। अभिषेक समारोह के अंत में बिशप का पदवी चिह्न नए बिशप को सौंप दिया गया। इसके बाद मेजर आर्चबिशप और धर्माध्यक्षों ने नवअभिषिक्त-धर्माध्यक्ष मैथ्यू को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
समारोह की अध्यक्षता मेजर आर्चबिशप जॉर्ज कार्डिनल आलनचेरी ने की। इस अवसर पर ''''कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया'''', के अध्यक्ष आर्चबिशप एंड्रयूज थाषथ, मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।