सरदार नगर। चौरीचौरा क्षेत्र के गगड़ा निवासी बलराम विश्वकर्मा ने बेटी का दहेज के लिए उत्पीड़न किए जाने का केस दर्ज कराया है। पुलिस तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर सहित छह लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गगड़ा गांव के बलराम विश्वकर्मा ने तहरीर देकर कहा है कि एक वर्ष पूर्व उन्होंने बेटी कंचन की शादी गाजीपुर जिले के भुदकुंडा थानाक्षेत्र के मरदानपुर निवासी रामचंद्र पुत्र जंजाली से हुई थी। दहेज में 10 लाख रुपये भी दिए गए थे। कुछ दिन तक तो ससुरालियों का व्यवहार ठीक था। लेकिन, उसके बाद से तीन लाख रुपये अतिरिक्त मांगने को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहे। उसको एक बच्ची पैदा हुई। आरोप है कि अस्पताल में उसे देखने पहुंचे पति रामचंद्र, ससुर जंजाली, सास शारदा, जेठानी सोनम, ननद गुड़िया, ननदोई ने गाली दी और कहा कि अब तुम अपने मायके में ही रहो। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। ब्यूरो