10 लाख रुपये न देने पर ससुराल वालों ने घर से निकाला
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सहारा इस्टेट की रहने वाली महिला ने पानीपत निवासी अपने सास, ननद, नंदोई पर मारपीट, धमकी देने और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक, न्यू यमन सहारा इस्टेट निवासी निहारिका मिश्रा पुत्री स्व. रवि प्रकाश ने दी तहरीर में लिखा है कि उनकी शादी वर्ष 2013 में सेक्टर 24 डूडा मकान नंबर 1738 पानीपत थाना चांदनी बाग निवासी देवेश कुमार मिश्रा पुत्र जितेंद्र मिश्रा से हुई है। दहेज में 20 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान दिए गए थे। पीड़िता के पति ऑस्ट्रेलिया में होटल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। शादी के कुछ दिनों तक सब ठीक रहा।
आरोप है कि पति जब नौकरी पर चला गया तो सास मालती, ननद स्वीटी व प्रीति और नंदोइ मुकेश पांडेय 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न करने पर चारों आए दिन मारने-पीटने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। मारपीट कर घर से भगा दिया गया। दो वर्ष से वह दोनों बच्चों के साथ मायके में ही रह रही हैं जबकि पति विदेश में हैं। एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।