भाई की तहरीर पर पति और सास को बनाया गया आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
बड़हलगंज (गोरखपुर)। बड़हलगंज इलाके के कोड़रनीलकंठ गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति और सास पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। विवाहिता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
कोड़रनीलकंठ गांव निवासी त्रिलोकी निषाद के पुत्र पिंटू की शादी आजमगढ़ के मुबारकपुर इलाके के गुज्जरपार गांव के बाबूलाल निषाद की पुत्री 26 वर्षीय राधिका से 25 मई 2023 को हुई थी। शादी के एक महीने बाद पति महाराष्ट्र के एक प्राइवेट कंपनी में काम करने चला गया। पांच जुलाई को वापस आया था। चार अगस्त को पुन: महाराष्ट्र चला गया। बुधवार को सुबह महाराष्ट्र से घर वापस आने की सूचना मिली थी।
परिजनों का कहना है कि मृतक की पत्नी का अपने पति से फोन पर विवाद हुआ था। बुधवार की शाम सात बजे तीसरे नंबर की बहू मृतका के कमरे में गई तो राधिका को फंदे से लटका देख शोर मचाया। कोतवाल विमलेश कुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।