- पत्नी और बेटे पर हमले के बाद घर पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ा रहे डॉक्टर
- पुराने हटाकर नए सीसीटीवी कैमरे के साथ ही सीढ़ी पर लगवाएंगे गेट
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। डॉक्टर एके सिंह के घर में घुसकर शुक्रवार को पुराने नौकर ने पत्नी और बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात के 24 घंटे के अंदर शनिवार को आरोपी नौकर रोहन भी पकड़ा गया, लेकिन इस हमले के बाद डॉक्टर के परिवार के जेहन में डर बैठ गया है।
एक तरफ पत्नी कुसुम सिंह रोहन द्वारा किए गए गंडासे से हमले को याद कर वह सहम जा रही हैं। दूसरी तरफ इकलौता बेटा प्रियांश इस हाल में माता-पिता को छोड़कर बाहर कैसे पढ़ाई करने जाए, यह सवाल उसे परेशान कर रहा है।
सेवानिवृत डॉ. एके सिंह भी घर के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बना रहे हैं। हुमायूंपुर उत्तरी स्थित घर के द्वितीय तल पर डॉक्टर परिवार के साथ रहते हैं। घर के निचले हिस्से में समाधान क्लीनिक चलाते हैं। डॉक्टर ने बताया कि वर्तमान में किसी भी अंजान व्यक्ति को गेट के बाहर ही रोक लिया जा रहा है। घर के अंदर केवल रिश्तेदार या खास दोस्तों को प्रवेश दिया जा रहा है।
पत्नी कुसुम सिंह का कहना है कि जब कोई गेट पर आकर घंटी बजाता है तो मुझे वह दृश्य याद आ जा रहा है। उन्होंने बताया कि नौकर की इस करतूत के बाद अब वह किस पर विश्वास करें, यह समझ में नहीं आ रहा है।
डॉक्टर ने बताया कि घर पर दस साल पहले सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। एक बार फिर बदलकर पहले से अधिक संख्या में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए दुकान पर बोल दिया है। उन्होंने बताया कि घर के द्वितीय तल पर जाने वाली सीढ़ी पर एक लोहे का गेट भी लगवा रहा हूं, ताकि कोई भी सीधे बिना रुकावट के ऊपर न आ पाए। उन्होंने बताया कि घर के खुले स्थान पर जाली भी लगवाने का सोचा है।
रोहन की दी गई मिठाई की जांच हो
डॉ. एके सिंह ने बताया कि रोहन जब घर आया था, तो उसने पत्नी को उज्जैन का प्रसाद बताकर एक डब्बे में मिठाई दी थी। साथ ही एक गिफ्ट का डब्बा दिया था। जिसे खोलकर देखा गया तो एक डिजाइनर कप था। उन्होंने बताया कि पत्नी से रोहन ने प्रसाद खाने के लिए कहा था। इसलिए वह चाहते हैं कि रोहन द्वारा दी गई मिठाई की भी जांच हो, जिससे यह पता चल सके कि कहीं उसमें जहर तो नहीं मिलाया गया था।