महिला अस्पताल को छह रेजीडेंट मिले, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कर रहे हैं पीजी की पढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे डॉक्टरों के लिए राहत भरी खबर है। जिला अस्पताल को बुधवार को 19 और महिला अस्पताल को छह रेजीडेंट मिले हैं। ये रेजीडेंट बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पीजी की पढ़ाई कर रहे हैं। यह उनका दूसरा वर्ष है। नए रेजीडेंट डॉक्टर अगले तीन माह तक जिला अस्पताल में मरीजों के इलाज में सहायक चिकित्सक के तौर पर मदद करेंगे। इस दौरान वह इलाज के साथ ही मरीजों से संवाद की भी ट्रेनिंग लेंगे।
नेशनल मेडिकल कमिशन (एनएमसी) ने डिस्ट्रिक्ट रेजीडेंसी प्रोग्राम शुरू किया है। इसके तहत मेडिकल कॉलेज में पीजी की पढ़ाई कर रहे छात्रों को अब नजदीकी जिला अस्पताल में जाकर मरीजों का इलाज करना होगा। बुधवार को बीआरडी से रेजिडेंट डॉक्टरों का पहला बैच जिला अस्पताल पहुंचा। इसमें मेडिसिन के पांच, सर्जरी, आर्थोपेडिक, एनेस्थीसिया, नेत्ररोग, पैथोलॉजी के दो-दो, चर्मरोग, रेडियोलॉजी, मानसिक और एनॉटमी एक-एक रेजीडेंट शामिल हैं। जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि इससे पीजी छात्रों को इलाज में आसानी होगी। इसके अलावा महिला अस्पताल में भी छह रेजीडेंट मिले हैं। इनमें तीन स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, बाल रोग, एनेस्थीसिया और एक पैथालॉजिस्ट शामिल हैं।