निचलौल। यूपी सरकार ने 17 व 18 फरवरी को आयोजित पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का पेपर आउट होने के बाद परीक्षा निरस्त कर दी। वहीं सरकार ने परीक्षा को छह माह के भीतर दोबारा आयोजित करने के निर्देश दिए थे। उसके बाद युवा एक बार फिर से पुलिस भर्ती की तैयारी में जुट गए। लोकसभा चुनाव के बाद युवाओं को उम्मीद है कि भर्ती के लिए प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
खोन्हौली गांव के रहने वाले अस्मित पटेल ने कहा कि पेपर आउट होने के बाद भी वह पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी में लगे हैंं। क्योंकि सरकार ने छह माह बाद दोबारा परीक्षा कराने की बात कही थी। लोकसभा चुनाव के बाद अब पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
युवा देवेंद्र कुमार भारती ने कहा कि पेपर आउट होने के बाद सरकार ने भर्ती परीक्षा निरस्त कर दी थी। छह माह बाद परीक्षा दोबारा कराने की बात कही गई थी। ऐसे में उनके चेहरे पर मायूसी छाई थी। फिर भी वह भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटे रहे। लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद सरकार ने रोजगार के प्रति गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। ऐसे में आस जगी है कि जल्द दोबारा भर्ती प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
निचलौल नगर पंचायत के कोर्ट मोहल्ला निवासी जावेद आलम ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा निरस्त होने के बाद वह उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन चुनाव परिणाम के बाद रोजगार के प्रति सरकार की रवैया को देख उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही निरस्त पुलिस भर्ती की परीक्षा आयोजित होने वाली है।
पांडेय मोहल्ला निवासी अनुराग सिंह ने कहा कि वह पहली बार पुलिस भर्ती परीक्षा में बैठे थे। वह भी निरस्त हो गई। हालांकि उनकी परीक्षा अच्छी हुई थी। परीक्षा को लेकर वह पूरी तैयारी कर चुके थे। परीक्षा निरस्त होने से वो मायूस हो गए, लेकिन उम्मीद थी कि छह माह बाद दोबारा परीक्षा आयोजित होगी। पता नहीं कब होगी होगी।