छह महीने से दौड़ रहा हूं, हर बार कहा जाता है कि इस बार खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त चली जाएगी। इस बार भी नहीं आई। अब आप ही बताएं कि क्या करूं, कहां और किसके पास जाऊं अपनी शिकायत लेकर। यह कहना है भटहट के दिशू का, जो एक साल से विभागों का चक्कर काटकर परेशान हो गए हैं और सदर तहसील में सरकारी व्यवस्था को कोसते दिखे। उनकी सुनने वाला कोई नहीं था, थक हार फिर घर की ओर चले गए।
दरअसल, यह एक बानगी भर है, सदर तहसील में रोजाना 50 से ज्यादा लोग कागजात लेकर दौड़ रहे हैं और हर बार उन्हें बताया जाता है कि उनके आवेदन को त्रुटि की श्रेणी में डाल दिया गया है। यह त्रुटि भी फार्म भरने में नहीं है बल्कि स्लो सर्वर के चलते हो गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए अगर ऑनलाइन आवेदन कराए हैं तो स्टेटस चेक भी करा लें। वरना किस्त के इंतजार में रह जाएंगे और आवेदन को अपात्र की श्रेणी में डाल दिया जाएगा। ऐसे ही करीब 200 से ज्यादा मामले सिर्फ सदर तहसील में लटक गए हैं।
भटहट के सोनराइच उर्फ बड़ा गांव के दिशू सिंह एक साल से किसान सम्मान निधि के लिए दौड़ रहे हैं। उन्हाेंने अपनी मां के नाम से 2023 में ही रजिस्ट्रेशन कराया। लेकिन उनका आवेदन अपात्र श्रेणी में चला गया। दिशू कहते हैं, अब तक 10 बार रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर चुका हूं और हर बार साइबर कैफे पर 100 रुपये देने पड़ते हैं, लेकिन सम्मान निधि नहीं मिली। कोई स्पष्ट बताता भी नहीं है कि क्या करें।
भटहट की फूलझारी देवी ने मई 2024 में किसान सम्मान निधि के आवेदन किया। लेखपाल ने सारी औपचारिकताएं पूरी करके पोर्टल पर रिपोर्ट लगा दी, लेकिन अब उनका रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन पोर्टल पर त्रुटि की श्रेणी में दिख रहा है। उनके परिवार के लोग सदर तहसील पर रिपोर्ट सही कराने को लेकर परेशान हैं। हर बार आश्वासन मिलता है कि सही हो जाएगा।
जंगल कौड़िया के राजदेव ने पत्नी के नाम से किसान सम्मान निधि के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। उनके खाते में किस्त नहीं आई तो सदर तहसील पहुंचे। काउंटर पर बैठे कर्मचारी ने बताया कि आवेदन में त्रुटि है। कारण पूछने पर बताया कि सर्वर स्लो होने के चलते ऐसा हो रहा है।
पीएम सम्मान निधि की किस्त जब भी आती है उस समय सर्वर स्लो हो जा रहा है। जिनकी किस्त आई है और मैसेज नहीं आया वह भी पोर्टल पर ऑनलाइन चेक करने लगते हैं। सर्वर स्लो के समय रजिस्ट्रेशन होने पर दिक्कत हो रही है। तहसील पर आधार कार्ड व खतौनी की कॉपी ले जाकर सत्यापन कराएं। वहां से जैसे ही पोर्टल पर आएगा उसे आगे बढ़ा दिया जाएगा। सर्वर स्लो होने की समस्या दो से तीन दिनों में खत्म हो जाएगी।
-अरविंद कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक