जंगल कौड़िया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी व ढाबा मालिक रमाकांत पांडेय को रंगदारी न देने पर पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शनिवार दोपहर 1.30 बजे दस युवकों ने घेरकर मारपीट की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीपुर निवासी रमाकांत पांडेय ने तहरीर में लिखा है कि वह घर से जंगल कौड़िया स्थित अपने ढाबा पर जा रहे थे। बस स्टॉप के सामने दस से बारह लोगों ने घेर लिया। रंगदारी मांगी और विरोध करने पर मारपीट करने लगे। आरोप है कि युवकों ने जेब से 8 हजार रुपये और सोने की चेन छीन लिया। जंगल कौड़िया चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया पीड़ित के ढाबा पर अक्सर विवाद होता रहता है, मारपीट की घटना ढाबा के निकट ही हुई। ढाबा मालिक की भी भूमिका संदिग्ध लग रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
हिस्ट्रीशीटर ने मुकदमा वापस लेने की दी धमकी
चौरीचौरा। थाना क्षेत्र के फुटहवा ईनार निवासी एक हिस्ट्रीशीटर ने डुमरी खास निवासी संजय कुमार गौड़ को जमीन मामले में दर्ज मुकदमे को वापस लेने की धमकी दी। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो
फर्जी दस्तावेज पर जमीन बैनामा कराने पर केस दर्ज
चौरीचौरा/सरदारनगर। फर्जी दस्तावेज की मदद से भूमि बैनामा कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एसडीएम के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने की धारा में केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सोनभद्र जिले के रावर्ट्सगंज थानाक्षेत्र के मुसही निवासी अशोक कुमार ने एसडीएम को दिए प्रार्थनापत्र में गोरखपुर के जंगल सालिकराम के मानस विहार कॉलोनी निवासी विकास कुमार, बलराम मणि व अशोक समेत पांच लोगों पर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो