- दरगाह मुबारक खां शहीद के तीन दिवसीय उर्स का हुआ समापन
- लोगों ने झूलों पर की मस्ती, लजीज व्यंजनों का भी लिया जायका
- देर रात तक सजी रही कव्वाली की महफिल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। शुक्रवार की रात नार्मल स्थित दरगाह मुबारक खां शहीद पर तीन दिवसीय उर्स के अंतिम दिन अकीदतमंद उमड़ पड़े। रात करीब 11 बजे एक ओर जहां लोग दरगाह में सिर झुका अकीदत का नजराना पेश करते नजर आ रहे थे तो वहीं, दूसरी ओर लोग मेले का भी जमकर लुत्फ उठाते हुए दिखे।
उर्स में प्रदेश के दूसरे जिलों से आए टोरा-टोरा, ब्रेक डांस, ड्रैगन झूला और चकरी सहित कई झूलों पर लोग मस्ती करते हुए दिखाई दिए, तो वहीं लोग मेले में सजी हलवा, पराठे, चाट-पकौड़ों, छोला भटूरा, चाउमीन, डोसा, बिरयानी आदि के दुकानों पर पहुंच जायका लेते रहे। गर्मी में गले को तर करने के लिए शरबत की भी ढेर सारी दुकानें मेला परिसर में सजी थीं। दरगाह परिसर में लोग देर रात तक कव्वाली का आनंद लेते हुए नजर आए। कब्वाली के लिए बंगलुरु से आए सुल्तान नाजा और बदायूं से जुबैर सुलतानी के बीच मुकाबला हुआ। देश भक्ति की भावना से ओतप्रोत होते हुए कव्वालों ने देशभक्ति तराना पढ़कर लोगों में जोश भरने का काम किया। इस बीच कव्वाल जुबैर सुलतानी ने ''''हम हिंदुस्तान के लोग वतन से मोहब्बत करते हैं'''' और ''''सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा हम बुलबुले हैं इसके यह गुलसिता हमारा'''' पढ़ा तो लोग झूम उठे।
लंगर का हुआ आयोजन
हजरत बाबा मुबारक खां शहीद के तीन दिवसीय उर्स के मौके पर शुक्रवार को दरगाह मुबारक खां शहीद पर लंगर का आयोजन किया गया। इसमें दूर दराज से पहुंचे जायरीनों ने बाबा को खिराजे अकीदत पेश किया इसके बाद दुआ ख्वानी हुई और लोगों ने लंगर तक्सीम किया गया।
कार्यक्रम में हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान दरगाह कमेटी के सदर इकरार अहमद ने एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई, कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी के ऑब्जर्वर रहे सैय्यद इकबाल अहमद, रजी अहमद, शहाब अहमद, शहाब अंसारी, हाजी इब्तेदा हुसैन, विजय श्रीवास्तव, हाजी खुर्शीद आलम, राजघाट थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह, पांडेयहाता चौकी इंचार्ज शैलेंद्र मिश्रा, ट्रांसपोर्ट नगर चौकी इंचार्ज शेर बहादुर सिंह, सदानंद सिन्हा, बसंतपुर चौकी इंचार्ज, राजवंश सिंह, चौकी इंचार्ज अमरूद मंडी समेत तमाम लोगों को सम्मानित किया गया।