गौरी बाजार। विकास खंड क्षेत्र बैतालपुर के बेलवा माफी गांव के समीप एक अधेड़ किसान का शव बृहस्पतिवार की सुबह घर से डेढ़ किलोमीटर दूर पेड़ से लटकता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम छेरिहा निवासी अमला पटेल (55) पुत्र राम नारायण पटेल प्रतिदिन की भांति बुधवार की रात भोजन करने के बाद सोने चले गए। जब सुबह सो कर उठे तो उनको घर से लापता देख तलाश में जुट गए। इसी बीच उन्हें गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित बेलवां माफी गांव के समीप एक नीम के पेड़ से गमछे के फंदे पर शव लटकने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचते ही शव को देखकर उनके होश उड़ गए, शव अमला का ही था। परिजनों के लिए रात में अमला का उतना दूर पहुंचना पहेली बन गया। मृतक के तीन लड़के और दो लड़कियां हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद