सहजनवां। सुरगहना गांव में बृहस्पतिवार रात दबिश देकर बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर लौट रही सहजनवां पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सिपाही की बाइक को धक्का देकर गड्ढे में गिरा दिया। इससे वह घायल हो गया। इसके बाद बाइक की चाबी भी निकाल ली। लोगों के आने पर आरोपी फरार हो गए। सिपाही विश्वनाथ की तहरीर पर पुलिस ने गांव के अरुण यादव, अनूप यादव व पांच अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी अरुण यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
सुरगहना गांव में चार महीने पहले हुई मारपीट के मामले में सहजनवां पुलिस ने उसी समय दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। फरार चल रहे एक बाल अपचारी को पकड़ने के लिए रात में दबिश दी। उसे लेकर दरोगा आशीष सिंह, सुमित कुमार, सिपाही विश्वनाथ व गोविंद यादव लौट रहे थे। सिपाही विश्वनाथ ने तहरीर में बताया है कि वह अपनी बाइक से पीछे-पीछे आ रहा था। इसी बीच अरुण यादव ने उसकी बाइक रोक ली और धक्का देकर गड्ढे में गिरा दिया।
आईकार्ड दिखाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए पीटने भी लगा। लोगों के पहुंचने पर फरार हो गया। उधर, आरोपी पक्ष के परिजनों का कहना है कि घटना के कुछ देर बाद घर पर दर्जन भर पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर तोड़फोड़ की, सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उठा ले गए।
पुलिस को सूचना देने पर कर दी पिटाई
सिपाही द्वारा तहरीर देने के आधा घंटा पहले सुरगहना निवासी अरुण यादव के विरुद्ध एक और केस दर्ज हुआ था। उसके गांव के रामप्रवेश ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना देने की आशंका में अरुण, उसका भाई अनूप, मां, पिता, बुआ, बहन और चार अज्ञात ने मिलकर उसे मारपीट कर घायल कर दिया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मारपीट व एससीएसटी के तहत केस दर्ज किया है।
वर्जन
पुलिस पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी अरुण यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाई अनूप की तलाश चल रही है। अन्य का शांतिभंग में चालान कर छोड़ दिया गया। अन्य आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।
-जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी नार्थ