गोरखपुर। देवरिया बाईपास फोरलेन का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। अक्तूबर तक यह बनकर तैयार हो जाएगा। गोरक्षनगरवासियों को दिवाली से पहले फर्राटा भरवाने के प्रयास जोरों पर हैं। बिजली के खंभे, तारों की शिफ्टिंग के काम ने भी रफ्तार पकड़ ली है। इसके अलावा शेष बची सड़क और नाला निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है।
करीब साढ़े नौ किलोमीटर लंबी सड़क की चाैड़ाई के बीच में छोटे-बड़े 10 मंदिरों को शिफ्ट करने के लिए जमीन तलाश ली गई है। इसके साथ ही जीडीए की खोराबार टाउनशिप व मेडिसिटी योजना के लिए ड्रेनेज सिस्टम का काम बाकी है। पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदारों का दावा है कि फोरलेन के सभी कार्य अक्तूबर तक पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद लोग इस सड़क पर फर्राटा भर सकेंगे।
399 करोड़ की लागत से 9.50 किमी लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। 24 मार्च 2023 से काम शुरू हुआ और इसे 24 सितंबर 2024 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, अभी तक 70 फीसदी ही काम हो पाया है। अधिकांश जगह पर नाला निर्माण का काम पूरा कर लिया गया है। सड़क के लिए मिट्टी के बाद गिट्टी बिछाकर लेवलिंग कराया जा रहा है।
इसके साथ ही सड़क के बीच में पड़ने वाले बिजली के खंभे-तार और ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने का काम तेज गति से चल रहा है।
करीब साढ़े नौ किमी दूरी में छोटे-बड़े 10 मंदिर पड़ रहे हैं। उनकी शिफ्टिंग के लिए जमीन की तलाश कर ली गई है। शिफ्टिंग का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा। वहीं खोराबार की तरफ जीडीए की ओर से खोराबार टाउनशिप व मेडिसिटी योजना का ड्रेनेज सिस्टम फाइनल नहीं होने से सड़क का काम धीमा है। ड्रेनेज का काम पूरा होने पर सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा।
वर्जन
देवरिया बाईपास फोरलेन का काम अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। साढ़े नौ किमी लंबी इस सड़क के बीच में छोटे-बड़े 10 मंदिर पड़ रहे हैं। उनकी शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा खोराबार टाउनशिप व मेडिसिटी योजना के ड्रेनेज सिस्टम फाइनल नहीं होने से काम नहीं हो पा रहा है। उसके फाइनल होते काम पूरा कर लिया जाएगा।
- आरपी सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
फ्लाईओवर के पिलर निर्माण का काम शुरू
पैडलेगंज से ट्रांसपोर्ट नगर तक बनने वाले सिक्सलेन पर देवरिया बाईपास तिराहा से पंचमुखी हनुमान मंदिर तक फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है। फ्लाईओवर के लिए दो पिलर के फाउंडेशन का काम पूरा हो गया है। अब उसके ऊपर ढलाई का काम चल रहा है।
फोटो
पैडलेगंज-फिराक चौक फोरलेन का काम तेज, नवंबर तक होगा पूरा
अंतिम चरण में है नाला निर्माण का काम, सड़क निर्माण ने पकड़ी गति
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। पैडलेगंज से फिराक चौराहे तक बन रहे फोरलेन का कार्य नवंबर 2024 तक पूरा हो जाएगा। अभी तक इसका 70 प्रतिशत कार्य कराया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग के अफसरों का दावा है कि कार्य को तय समय से पहले पूरा करा लिया जाएगा।
शहर में लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के मुख्यमंत्री के निर्देश पर पैडलेगंज से फिराक चौराहे तक 1.8 किलोमीटर सड़क को फोरलेन निर्माण का काम चल रहा है। इसके निर्माण की शुरुआत अप्रैल 2023 में की गई। कार्य को पूरा करने के लिए नवंबर 2024 का समय दिया गया है। इसके निर्माण पर 255 करोड़ की लागत आ रही है। इसके दोनों तरफ नाले का निर्माण करीब पूरा हो गया है। सड़क पर गिट्टी ढाल कर लेवलिंग का काम कराया जा रहा है।
पैडलेगंज से छात्रसंघ तक करीब 85 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। छात्रसंघ से कैंट थाने तक उसके आगे कुछ जगहों पर काम शेष है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का दावा है कि शेष कार्य को समय से पूरा कर लिया जाएगा। छात्रसंघ चौराहे के आगे एक पुलिया का निर्माण कराया जाना है। दो दिन बाद उसका कार्य शुरू करा दिया जाएगा। एक सप्ताह के अंदर काम को पूरा करा लिया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि फोरलेन का काम तेज गति से चल रहा है। निर्माण कार्य नवंबर 2024 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है।