- एम्स से डुमरीखास व शिवपुर सीएचसी को भेजी जानी है आपात काल में दवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स में ड्रोन की आपूर्ति के लिए चार कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इन चारों का ट्रायल शुरू हुआ है। बृहस्पतिवार को एक कंपनी की तरफ से एम्स से डुमरीखास सीएचसी तक दवा भेजने का प्रदर्शन किया गया। अगले दो दिन में अन्य तीन कंपनियां भी प्रदर्शन दिखाएंगी। इसके बाद एक कंपनी चयनित होगी।
एम्स से आपात स्थिति में दवाएं भेजने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जाना है। इसके लिए संस्थान दो ड्रोन खरीदेगा। इनके संचालन के लिए दो महिलाओं का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। ड्रोन खरीद के लिए एम्स ने आवेदन मांगा था, जिस पर कई कंपनियों ने अपना कोटेशन भेजा था। इसमें से चार कंपनियाें को उपलब्ध संसाधन के आधार पर छांटा गया है। अब इन्हें अपनी एजेंसी के जरिए ड्रोन उड़ाकर दिखाना होगा। इसमें सबसे सफल कंपनी का चयन ड्रोन आपूर्ति के लिए किया जाएगा। बृहस्पतिवार को एक कंपनी ने अपना प्रदर्शन किया। इस कंपनी ने एम्स से डुमरी खास सीएचसी तक दवा भेजी।
कार्यकारी निदेशक जीके पाल ने बताया कि ड्रोन खरीद से पहले सभी जरूरी जांच की जाएगी। यह देखा जा रहा है कि जो कंपनी ड्रोन की आपूर्ति करेगी, उसके पास क्या-क्या संसाधन और मानव क्षमता है।