- गांव के बाहर पंचायत भवन पर चौकी बनाने की मांग, मांग पत्र दिए
अमर उजाला ब्यूरो
गाेरखपुर। खोराबार इलाके के डांगीपार में बन रही पुलिस चौकी के विरोध में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय पर विरोध दर्ज कराया। पत्रक देकर चौकी को गांव के बाहर बनाने की मांग की। आरोप है कि चौकी प्रभारी चौराहे पर रोजगार नहीं करने दे रहे हैं। ठेला लगाने पर मारपीट कर भगा रहे हैं। भागते समय गांव के एक युवक को गिरने से चोट भी लग गई।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के साथ आए डांगीपार ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान राजन पासवान ने कहा कि बुधवार को राजस्व विभाग की टीम गांव के भैरोपुर टोला में सीमांकन कर रही थी। वहां पहुंच कर लेखपाल से जानकारी ली गई तो पता चला कि पुलिस चौकी बनाने के लिए भूमि का सीमांकन हो रहा है। वहां मौजूद चौकी प्रभारी से कहा गया कि यहां पर पहले से ही आंगनबाड़ी भवन बनना प्रस्तावित है। साथ ही गांव की महिलाएं यहां आती-जाती हैं। चौकी बनने के बाद उन्हें बाहर निकलने में दिक्कत होगी। डांगीपार पंचायत भवन के बगल में सड़क किनारे सरकारी भूमि है वहां पर पुलिस चौकी का निर्माण करा लें। इस पर पुलिस ने गालियां दी।
...........
गांव वालों के सहयोग से उनकी सुरक्षा के लिए चौकी बनाई जा रही है। कुछ लोग सरकारी जमीन पर कब्जा करना चाहते है, इस वजह से कुछ लोग उनके समर्थन में आए थे। पुलिस नियमानुसार ही काम करेगी।
कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी