ऑल इंडिया लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी में गुरुग्राम ने इंडियन नेवी पर पांच विकेट से दर्ज की जीत
दूसरे मैच में दिल्ली ने कैग की टीम को आठ विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से आयोजित ऑल इंडिया प्राइजमनी 20-20 लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी में शुक्रवार को लीग स्टेज का समापन हो गया। रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर पूल-बी के दो मैच खेले गए। पहले मैच में गुरुग्राम की टीम ने इंडियन नेवी को पांच विकेट से हराकर और दूसरे में दिल्ली ने कैग को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले मैच में इंडियन नेवी ने 19.4 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई। नेवी की ओर से नितिन ने 23, शुभम और लखन ने 20-20 रन बनाए। गुरुग्राम के भरत ने तीन, आर्यमन और कार्तिक सिद्धू ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। जवाब में गुरुग्राम की टीम ने 16.1 ओवर में पांच विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य को हासिल कर लिया।
गुरुग्राम के मुदगल ने 29, भरत ने 24 और नुरूल ने 26 रन बनाए। नेवी के अमित शुक्ला तीन और नितिन ने दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार गुरुग्राम के भरत को डाॅ. अनुराग ने दिया।
दूसरे मुकाबले में कैग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए। कैग की ओर से अर्पित ने 73 और राहुल ने 21 रन बनाए। दिल्ली के राजविंदर ने तीन और अंकित ने दो विकेट लिए। जवाब में दिल्ली की टीम ने 15.3 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया।
दिल्ली के समीर चौधरी ने नाबाद 57 रन की पारी खेली। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अनूप श्रीवास्तव ने दिया। इस दौरान लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के सचिव डॉ. त्रिलोक रंजन, डाॅ. मनव्वर, डाॅ. एमपी सिंह, डाॅ. मुदित गुप्ता, डब्बू शुक्ल आदि मौजूद रहे।
आज खेले जाएंगे सेमीफाइनल मैच
प्रतियोगिता के सेमाफाइनल मैच शनिवार को रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे। पहला मैच सुबह नौ बजे गुरुग्राम बनाम इंदौर और दूसरा मैच दोपहर 12 बजे से पूर्वोत्तर रेलवे और दिल्ली के बीच खेला जाएगा।