गोरखपुर जिले के एक गांव में पंचायत के बाद बुधवार को भटहट चौकी पर प्रेमी युगल का निकाह कराया गया। दोनों में लंबे समय से प्रेम था, लेकिन घरवाले इसका विरोध कर रहे थे। दोनों के बालिग होने की जानकारी होने के बाद पंचायत ने दोनों के निकाह का फैसला सुनाया था।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा थाना क्षेत्र के बजहा गांव के युवक का पास ही के गांव बरगदही के पवरिया टोला की रहने वाली युवती से प्रेम संबंध हो गया था। युवक ने बताया कि दोनों पिछले चार साल से छिप छिपकर मिलजुल रहे थे। युवक सऊदी में काम करता है। एक महीने पहले ही वह घर आया है। दो दिन पहले वह प्रेमिका से मिलने उसके घर चला गया था।
लड़की के परिवारवालों ने मिलते समय उसे पकड़ लिया। तब उसने निकाह का प्रस्ताव रखा था। दोनों परिवारों के लोगों ने पंचायत कराई। जिसके बाद बुधवार को भटहट चौकी पर मौलवी को बुलाकर दोनों का निकाह करा दिया गया।