बड़हलगंज/झुमिला बाजार। बड़हलगंज क्षेत्र के मदरिया गांव में रविवार की देर शाम से लापता युवक का शव मंगलवार की सुबह गांव के तालाब में उतराता मिला। युवक की मां ने बेटे की हत्या कर शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, मदरिया गांव निवासी बाबूराम की पत्नी धर्मावती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 वर्षीय बेटा अंकुल कुमार रविवार की शाम को दोस्तों के साथ गांव में खेल रहा था। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो तलाश शुरू की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। बड़हलगंज पुलिस सोमवार को गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश कर रही थी।
इसी बीच मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने तालाब में युवक का शव उतराता देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर उसकी पहचान अंकुल कुमार के रूप में की। बेटे का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान की। मां का रो-रो कर बुरा हाल था। एसपी दक्षिणी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
...
10वीं की छात्रा था अंकुल
अंकुल कुमार भर्रोह स्थित एक स्कूल में 10वीं का छात्र था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पिता बाबूराम एक माह पहले सूरत कमाने गए थे। दो अन्य भाई भी सूरत में रहकर काम करते हैं। मां मनरेगा में कार्य करती हैं।