गगहा। रकहट-असवनपार बंधे के किनारे कोलकेशव गांव के पास शुक्रवार सुबह राप्ती नदी किनारे मिले एक युवक के शव को लेकर गगहा और देवरिया जिले के एकौना थाने की पुलिस घंटों उलझी रही। दोनों थानों ने एक दूसरे को सीमा क्षेत्र का हवाला देते हुए शव को कब्जा में लेने से इंकार कर दिया। दोपहर दो बजे के बाद देवरिया के एकौना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह रकहट-असवनपार राप्ती तट पर युवक का शव देख आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान किसी की सूचना पर गगहा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद देवरिया जिले का सीमा क्षेत्र बताकर एकौना थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में पहुंची एकौना पुलिस ने गोरखपुर सीमा क्षेत्र का हवाला देकर शव को कब्जे में लेने से मना कर दिया।
करीब छह घंटे दोनों थानों की पुलिस के बीच सीमा क्षेत्र को लेकर विवाद के बाद मामला सुलझा और एकौना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शरीर पर काला पैंट और टीशर्ट और कमर में बेल्ट लगा है। शव तीन से चार दिन पुरानी लग रहा है। गगहा थानाध्यक्ष अरविंद सिंह का कहना है कि सीमा क्षेत्र नदी को लेकर बंटा है। नदी इस पार गगहा क्षेत्र है और उस पार एकौना थाना क्षेत्र। शव जिस स्थान पर मिला है, वह एकौना क्षेत्र में पड़ता है।