बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी से एक बुजुर्ग का शव लापता हो गया। इसके बाद हड़कंप मच गया। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग शव की तलाश कर रहा है। विगत सोमवार को हरसेवकपुर नंबर दो स्थित टिनशेड के घर में दुखी यादव (70) का शव मिला था। परिजनों के नहीं आने पर शव मोर्चरी में रखवा दिया था।
शनिवार को दुखी के देवरिया में रहने वाले भाई और भतीजा बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर दूसरा शव देखकर पंचनामा से इन्कार कर दिया और हंगामा करने लगे। देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के कोरवां निवासी दुखी यादव 25 वर्ष पहले अपने तीन भाइयों महंत, जीतन व अमरनाथ के साथ गुलरिहा क्षेत्र के हरसेवकपुर नंबर दो के शताब्दीपुरम कॉलोनी में जमीन लेकर डेयरी का व्यापार शुरू किया था।
इसमें घाटा होने पर तीनों भाई अपने गांव चले गए। दुखी यादव टिनशेड के मकान में अकेले रहने लगे। उन्होंने शादी भी नहीं की थी। सोमवार को दुखी का शव टिनशेड के मकान में मिला था। शरीर पर सफेद कुर्ता था। दाहिने कलाई में कड़ा था। गुलरिहा पुलिस शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों का इंतजार कर रही थी।
लापरवाही : 72 घंटे बाद भी नहीं कराया पोस्टमार्टम
नियमानुसार, शव मिलने के 72 घंटे बाद उसका पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस को दाह संस्कार कराना होता है। लेकिन पुलिस ने यहां लापरवाही बरती और 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम नहीं कराया। होली के दिन दुखी का देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के कोरवां निवासी भतीजा संजीव यादव खाना लेकर आया, तब मौत की जानकारी परिजनों को हुई।
शाम को गुलरिहा पुलिस से परिजन मिले तो पोस्टमार्टम कराने के अगले दिन बुलाया गया। शनिवार दोपहर में दुखी के तीनों भाई मोर्चरी पहुंचे तब पुलिस शव की शिनाख्त कराने लगी। तब परिजनों ने पंचनामा से इन्कार कर दिया। परिजनों का कहना है कि जिस शव की शिनाख्त कराई जा रही है, वह जींस पहना हुआ है जबकि दुखी के हाथ में कड़ा था।
वह लूंगी पहने थे। जांच हुई तो पता चला कि जिस शव की शिनाख्त कराई जा रही है, वह सड़क दुर्घटना के बाद आया था। पुलिस अब शव के खोजबीन में जुट गई है।
कॉलोनीवासी ने दी थी सूचना
क्षेत्र के हरसेवकपुर नंबर दो के शताब्दीपुरम काॅलोनी निवासी जितेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि बगल के मकान में रहने वाले दुखी यादव विगत सोमवार को सुबह दिखाई नहीं दिए तो आसपास के लोग देखने पहुंचे। पता चला की बुजुर्ग अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े हैं। जितेंद्र ने डायल 112 व गुलरिहा पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग घर पर अकेले ही रहते थे।
शव लापता होने की सूचना मिली है, पुलिस तलाश में लगी है। किसकी लापरवाही से शव गायब हुआ है, जांच की जा रही है:
रवि कुमार सिंह, सीओ
कागजी लिखा-पढ़ी में दूसरे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मंगलवार को दफनाए गए दुखी के शव को निकालकर परिजनों से शिनाख्त कराकर सौंप दिया जाएगा:
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी