गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय अपने 67वें स्थापना दिवस को भव्य तरीके से मनाने की तैयारी कर रहा है। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल को आमंत्रित करने की तैयारी है। इसे खास बनाने के लिए कॉलेजों को भी जोड़ा जाएगा।
2023 में दीक्षांत समारोह में केवल स्नातक के टॉपरों को ही मेडल मिल पाया था। अब स्थापना दिवस पर कुलाधिपति के हाथों परास्नातक के टॉपरों को मेडल दिलाने की तैयारी है। पुरातन छात्रों को भी इसमें बुलाकर सम्मानित करने की योजना है।
अब विश्वविद्यालय अपनी इस योजना के क्रियान्वयन में जुट गया है। काॅलेजों को यह अहसास कराने के लिए कि वह विश्वविद्यालय से अलग नहीं बल्कि उनका अनिवार्य हिस्सा हैं। स्थापना दिवस के दौरान परिसर में हर काॅलेज का झंडा लगाने और उनकी स्टैंडी लगाने की योजना है। कार्यक्रम में काॅलेज प्रबंधन को सम्मान के साथ आमंत्रित किया जाएगा, उन्हें विश्वविद्यालय का एकीकृत स्वरूप दिखाने का प्रयास किया जाएगा।
कोट...
इस बार के स्थापना दिवस को पूरी भव्यता के साथ मनाने की तैयारी है। कुलाधिपति को आमंत्रित करने जा रहे हैं। इसमें 2023 के परास्नातक टॉपर्स को मेडल दिया जाएगा। इसके अलावा इससे सभी संबद्ध काॅलेजों और महत्वपूर्ण एलुमिनाई को भी जोड़ने जा रहे हैं।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति