शासन से छात्रावास के जीर्णोद्धार के लिए धन स्वीकृत
प्रथम किश्त के रूप में करीब 2.4 करोड़ रुपये निर्गत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संतकबीर छात्रावास का बदला स्वरूप जल्द देखने को मिलेगा। शासन से उसके जीर्णोद्धार और सड़क का कार्य कराए जाने के लिए चार करोड़ आठ लाख 54 हजार रुपये स्वीकृत हुआ है। कार्य को संपादित करने के लिए उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड की गोरखपुर इकाई को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित किया गया है। इस कार्य के लिए प्रथम किस्त करीब 2.4 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
संतकबीर छात्रावास अंदर से पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। इसके जीर्णोद्धार के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने शासन से धन की मांग की थी। मिले धन से छात्रावासियों को रहने के लिए अच्छी व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, प्रसाधन आदि की व्यवस्था काे दुरुस्त किया जाएगा।
कोट...
संतकबीर छात्रावास के जीर्णोद्धार एवं सड़क मरम्मत के लिए शासन से करीब 4.8 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिली है। इसमें से पहली किस्त के रूप में 204.27 लाख की धनराशि स्वीकृति निर्गत किए जाने के संबंध में पत्र शासन द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को प्राप्त हुआ है।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति